पंजाब में 27 नवंबर की रात अचानक बिजली होगी गुल! बजेंगे सायरन

पंजाब में शुक्रवार यानी 27 नवंबर की रात लोगों को कुछ देर के लिए ब्लैकआउट का सामना करना पड़ सकता है। राज्य के सभी जिलों में रात 8 बजे एयर रेड और ब्लैकआउट को लेकर मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। इस दौरान सायरन बजाए जाएंगे और प्रशासन की ओर से निर्धारित इलाकों में गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी जाएंगी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में शुक्रवार यानी 27 नवंबर की रात लोगों को कुछ देर के लिए ब्लैकआउट का सामना करना पड़ सकता है। राज्य के सभी जिलों में रात 8 बजे एयर रेड और ब्लैकआउट को लेकर मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। इस दौरान सायरन बजाए जाएंगे और प्रशासन की ओर से निर्धारित इलाकों में गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी जाएंगी। हालांकि, लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह किसी आपात स्थिति का संकेत नहीं बल्कि सुरक्षा तैयारियों को जांचने के लिए किया जाने वाला अभ्यास है।

यह मॉक ड्रिल केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य सिविल डिफेंस की तैयारियों और आपातकालीन हालात में विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

दो मिनट तक बजेगा एयर रेड का सायरन
मॉक ड्रिल की शुरुआत रात 8 बजे दो मिनट तक तेज आवाज में उतार-चढ़ाव वाले सायरन बजाकर की जाएगी। इसके जरिए लोगों और संबंधित विभागों को एयर रेड की चेतावनी का संकेत दिया जाएगा। इसके बाद डिप्टी कमिश्नरों की ओर से पहले से निर्धारित क्षेत्रों में ब्लैकआउट करवाया जाएगा। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं को सामान्य रूप से जारी रखा जाएगा।

आग बुझाने से लेकर घायलों को बचाने तक का होगा अभ्यास
इस मॉक ड्रिल में केवल सायरन और ब्लैकआउट ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कई तरह की गतिविधियां भी की जाएंगी। इस दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव अभियान चलाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास होगा। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारियों को भी परखा जाएगा।

लगातार दो मिनट सायरन बजाकर दिया जाएगा ऑल क्लियर का संकेत
अभ्यास पूरा होने के बाद लगातार दो मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। यह ‘ऑल क्लियर’ का संकेत होगा। इसके बाद मॉक ड्रिल समाप्त होने की सूचना दी जाएगी और निर्धारित क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू हो सकेंगी।

प्रशासन की अपील- सायरन सुनकर न घबराएं लोग
प्रशासन ने पंजाब के लोगों से अपील की है कि इस अभ्यास को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। रात के समय सायरन बजने और कुछ इलाकों में लाइटें बंद होने पर घबराने की जरूरत नहीं है। यह केवल सिविल डिफेंस की तैयारियों को मजबूत करने और आपातकालीन स्थिति में बेहतर तरीके से काम करने के लिए आयोजित की जा रही मॉक ड्रिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *