ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन की चर्चाओं के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा नेता सरबजीत सिंह मक्कड़ के घर जाकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया सहित कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं से कर रहे मुलाकात
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुखबीर बादल ने राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी हैं। वह लगातार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वह नेताओं के घर पहुंचकर उनके साथ बैठकें कर रहे हैं और पंजाब की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा कर रहे हैं।
सुखबीर बादल बोले- लोगों की अरदास है गठजोड़
जालंधर में नेताओं से मुलाकात के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि आज उन्होंने शहर में आकर लीडरशिप के साथ बातचीत की है। उन्होंने अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को लेकर कहा कि यह गठजोड़ लोगों की अरदास है। अकाली-भाजपा का गठबंधन विरोधी ताकतों के खिलाफ है। उनके इस बयान को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









