ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में बिजली उपभोक्ताओं को गलत और बढ़े हुए बिलों के कारण कनेक्शन कटने से फिलहाल राहत मिल गई है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) ने ऐसे डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। PSPCL की ओर से जारी आदेश में सभी सीई/डीएस जोन को निर्देश दिया गया है कि गलत या अधिक राशि वाले बिजली बिलों के कारण डिफॉल्टर दिख रहे उपभोक्ताओं के कनेक्शन फिलहाल न काटे जाएं।
मीटर रीडरों की हड़ताल से प्रभावित हुई बिलिंग
PSPCL के अनुसार हाल ही में मीटर रीडरों की हड़ताल और पुराने SAP/Non-SAP सिस्टम से Oracle आधारित SBS सिस्टम में बदलाव के कारण बिजली बिल तैयार करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। कई उपभोक्ताओं की वास्तविक मीटर रीडिंग उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके चलते उन्हें औसत या अनुमानित खपत के आधार पर बिल जारी किए गए।
इनमें से कुछ बिल वास्तविक खपत की तुलना में अधिक राशि के बन गए। इसके बाद यही राशि सिस्टम में बकाया के रूप में दिखाई देने लगी और कई उपभोक्ताओं को डिफॉल्टर माना जाने लगा।
गलत बिल के कारण कनेक्शन काटने की कार्रवाई पर रोक
PSPCL ने स्पष्ट किया है कि जब तक SBS सिस्टम पूरी तरह स्थिर नहीं हो जाता और गलत या अधिक राशि वाले बिलों को ठीक नहीं कर दिया जाता, तब तक केवल ऐसे बकाये के आधार पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे। इस फैसले से उन उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, जिन्हें वास्तविक बिजली खपत से अधिक राशि के बिल मिलने के कारण बकायेदार दिखाया जा रहा था।









