त्योहारों के सीजन के बीच दूध हुआ महंगा, नवंबर से बढ़ेंगी कीमतें

लुधियाना में त्योहारी सीजन के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। शहर में 1 नवंबर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने वाली है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में त्योहारी सीजन के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। शहर में 1 नवंबर से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी होने वाली है। हैबोवाल और ताजपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के डेयरी संचालकों ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। नए रेट लागू होने के बाद लोगों को दूध खरीदने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे।

डेयरी प्रतिनिधियों के मुताबिक, दूध की कीमतों में 3 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके अलावा क्रीम डेयरी संचालकों के लिए फैट के रेट में भी इजाफा किया गया है।

1 नवंबर से लागू होंगे दूध के नए रेट
हैबोवाल डेयरी के प्रधान कुलदीप सिंह लहरिया और अन्य डेयरी प्रतिनिधियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शहर में दूध बेचने वाले सभी बूथों पर प्रति किलो 3 रुपये की वृद्धि की जा रही है। वहीं, क्रीम डेयरी संचालकों के लिए फैट के रेट में 30 पैसे की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। डेयरी प्रतिनिधियों ने सभी डेयरी मालिकों से नए रेट लागू करने की अपील की है।

पशुओं का चारा महंगा होने से बढ़े दूध के दाम
डेयरी संचालकों ने दूध की कीमतें बढ़ाने के पीछे पशुओं के चारे की बढ़ती लागत को मुख्य वजह बताया है। उनके अनुसार, पिछले कुछ समय से तूड़ी, दाना और हरे चारे यानी पशुओं के खाने की लागत में काफी बढ़ोतरी हुई है। चारे की कीमतें बढ़ने से डेयरी चलाने का खर्च भी बढ़ गया है। डेयरी मालिकों का कहना है कि लगातार महंगी होती चीजों के कारण उनके लिए खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। इसी वजह से दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर
दूध रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर घरेलू बजट पर पड़ सकता है। खासकर उन परिवारों को ज्यादा खर्च करना होगा, जहां रोजाना अधिक मात्रा में दूध खरीदा जाता है। 1 नवंबर से नए रेट लागू होने के बाद लुधियाना के लोगों को दूध खरीदते समय बढ़ी हुई कीमत चुकानी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *