जालंधर में भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराया सवारियों से भरा ऑटो, 2 की मौत

Major road accident in Jalandhar; auto-rickshaw full of passengers rams into a stationary truck, 2 dead

पंजाब के जालंधर जिले में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से मजदूरों से भरे ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार सभी मजदूर काम के सिलसिले में लुधियाना से जालंधर जा रहे थे। उन्हें जालंधर के एक पैलेस में क्रॉकरी का काम करना था। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से ऑटो टकरा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम प्रभारी जसविंदर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया।

अस्पताल की डॉक्टर तानिया के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों के शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिए गए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, घायल 9 लोगों की पहचान संतोष, सरबजीत, शिशुपाल, अंकित, मनजीत, राहुल, हरदीप, हिमांशु और रणदीप के रूप में हुई है। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के प्रत्यक्षदर्शी रामवीर ने बताया कि सभी मजदूर एक साथ काम पर जा रहे थे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *