ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर शहर में सफाई व्यवस्था और सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर नगर निगम ने अब सख्ती शुरू कर दी है। मेयर विनीत धीर ने सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू और डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना के साथ अधिकारियों को लेकर जालंधर वेस्ट और कैंट हलके का दौरा किया। इस दौरान कई जगहों पर सड़कों पर बिखरा कूड़ा, टूटी सड़कें और अन्य अव्यवस्थाएं देखकर मेयर अधिकारियों पर नाराज नजर आए।
सड़कों पर बिखरा कूड़ा देख मेयर ने तुरंत करवाया सफाई का काम
दौरे के दौरान मेयर विनीत धीर ने सड़कों के किनारे जगह-जगह पड़े कूड़े का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कूड़ा तुरंत उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद मौके पर ट्रालियां मंगवाकर कूड़ा हटाने का काम शुरू करवाया गया। मेयर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि दोनों हलकों में सफाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि वह दोबारा इलाके का दौरा कर व्यवस्थाओं की जांच करेंगे।
टूटी सड़कों और पार्कों की हालत पर भी दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान टूटी सड़कों की स्थिति भी सामने आई। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों पर जल्द पैचवर्क करवाने के निर्देश दिए। वहीं जिन पार्कों में मरम्मत का काम चल रहा है, उन्हें भी जल्द पूरा करने के लिए कहा गया। इसके अलावा सीवरेज और वाटर सप्लाई लीकेज की समस्या को भी अधिकारियों के सामने रखा गया। संबंधित विभागों को लीकेज की मरम्मत जल्द करवाने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी मेयर बोले- कल तक समस्याओं के समाधान के निर्देश
डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना ने बताया कि मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और उन्होंने नगर निगम अधिकारियों के साथ वेस्ट और कैंट हलके का दौरा किया। इस दौरान दोनों इलाकों में सफाई, पानी की लीकेज, टूटी सड़कों और सीवरेज समेत विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को मौके पर ही सख्त हिदायतें दी गई हैं और कई समस्याओं को जल्द से जल्द, जबकि कुछ कार्यों को अगले दिन तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।









