ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में केंद्रीय गृहमंत्री कल यानि 30 सितंबर को जालंधर आ रहे हैं। पर उनके दौरे से पहले ही जालंधर में रेड क्रॉस भवन की दीवारों पर भाजपा के खिलाफ नारे लगाए गए हैं। वीडियो जारी कर आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसकी जिम्मेदारी ली है।
भाजपा भगाओ के लिखे नारे
गुरपतवंत पन्नू ने जो वीडियो जारी की है उसमें दीवारों पर भाजपा भगाओं और पंजाब दा हल खालिस्तान लिखा मिला। पन्नू ने कहा कि यहां पर भाजपा का पहले दफ्तर होता था। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर नशे के आरोप लगाए है। जिसके बाद दीवारों पर कालिख पोतकर मिटा दिया गया है।
28 एकड़ का बनाया जा रहा है पंडाल
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 30 सितंबर को प्रस्तावित महारैली करीब 63 एकड़ जमीन पर होगी। इसमें से अकेले 28 एकड़ में विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। पहले रैली 40 एकड़ मैं प्रस्तावित थी, फिर यह बढ़कर 50 हुई और अब लोगों के आने का अनुमान बढ़ने के बाद इसे 63 एकड़ में कर दिया गया है।
नशे के खिलाफ रैली निकाल रही है भाजपा
भाजपा पंजाब में चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ निकाल रही है और चारों यात्राओं का समापन जालंधर की इसी रैली में होगा। इस कारण इसे अब तक की सबसे बड़ी रैली बनाने का दावा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार पंडाल पूरी तरह एयर कंडीशन्ड होगा और इसमें 25,000 से ज्यादा कुर्सियां लगाई जा रही हैं।









