ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के मोती नगर में केमिकल से भरे एक ट्रक में आग लग गई। जिसके बाद आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठने लगी। दूर-दूर तक आग की लपटें दिखाई दें रही हैं। यह देखकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी।
हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आने से हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक केमिकल से भरा ट्रक इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया। जिसके बाद उसमें से चिंगारी निकली और ट्रक में पड़े केमिकल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आस-पास के इलाकों की बिजली गुल
आग लगने से आसपास के घरों के बिजली मीटर भी जल गए। लोगों के मुताबिक, कुछ घरों में दरारें भी आई हैं। घटना के समय घरों में लोग मौजूद थे, जिन्हें पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस हादसे के दौरान किसी का जानी नुकसान नहीं हुआ है।
फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां पहुंची मौके पर
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।









