पार्टी कहेगी तो रांची भी चला जाऊंगा’, जालंधर कैंट के नए हलका इंचार्ज दीपक बाली का बड़ा बयान

आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में राजविंदर कौर थियाड़ा की जगह दीपक बाली को हलका इंचार्ज नियुक्त किए जाने के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दीपक बाली शुक्रवार को जालंधर पहुंचे।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र में राजविंदर कौर थियाड़ा की जगह दीपक बाली को हलका इंचार्ज नियुक्त किए जाने के बाद सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दीपक बाली शुक्रवार को जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के साथ मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में माथा टेका और सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान उन्होंने पार्टी की नीतियों, 2027 के विधानसभा चुनाव, राजविंदर थियाड़ा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को लेकर भी अपनी बात रखी।

नई जिम्मेदारी मिलने पर बोले दीपक बाली
दीपक बाली ने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे वह खुश हैं। उन्होंने कहा कि वह पार्टी और समाज का हिस्सा हैं, इसलिए जनता और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी बनती है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी मेहनत से निभाएंगे और जालंधर कैंट हलके को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। वह संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।

2027 के चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दीपक बाली ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी 2027 में 100 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली बार पार्टी ने 92 सीटें हासिल की थीं और इस बार उससे भी बेहतर प्रदर्शन करने का लक्ष्य है।

उन्होंने पार्टी की उपलब्धियां गिनाते हुए 600 यूनिट मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना, मावां-धीयां योजना, युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का जिक्र किया। बाली ने कहा कि AAP धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करने के लिए नहीं आई, बल्कि सभी वर्गों के लोगों के लिए काम करना उसका उद्देश्य है।

परगट सिंह से मुकाबले पर शायराना अंदाज में दिया जवाब
कांग्रेस के पंजाब प्रधान परगट सिंह के खिलाफ चुनावी मुकाबले को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपक बाली ने शायराना अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी बात का डर नहीं है।

राजविंदर थियाड़ा को मनाने खुद जाएंगे बाली
राजविंदर कौर थियाड़ा को हलका इंचार्ज के पद से हटाए जाने के बाद पार्टी के भीतर उठे सवालों पर दीपक बाली ने कहा कि वह खुद थियाड़ा से मिलने जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह उनके साथ मिलकर काम करना चाहते हैं और हलके के विकास के लिए सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास करेंगे।

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड पर जताया दुख
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या पर दीपक बाली ने दुख जताया। उन्होंने इस मामले को लेकर विपक्ष पर राजनीतिक माहौल गरमाने का आरोप लगाया और कहा कि ऐसी दुखद घटना पर राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *