पंजाब में चुनाव आयोग की टीम 27 और 28 अक्टूबर को दौरा करेगी। इससे पहले आयोग ने अधिकारियों की अलग-अलग टीमें राज्य में भेज दी हैं। ये टीमें अलग अलग जिलों में जाकर चुनावी तैयारियों का जायजा ले रही हैं और अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव आयोग का शीर्ष स्तरीय दौरा 15 दिसंबर तक पूरा करने की योजना है। इसके बाद पंजाब विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कब होगा, इस पर सबकी नजरें रहेंगी। हालांकि, चुनाव की तारीखों को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
चुनाव आयोग की टीम किन मुद्दों पर करेगी समीक्षा?
राजनीतिक दलों के साथ बैठक: आयोग मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। इस दौरान चुनाव की तारीखों, संवेदनशील इलाकों और सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं पर सुझाव लिए जाएंगे।
प्रशासन और पुलिस की तैयारियों का जायजा: जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें कानून-व्यवस्था, आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती की जरूरत का आकलन किया जाएगा।
अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर: चुनाव के दौरान नकदी, शराब, नशीले पदार्थों और मतदाताओं को लुभाने के लिए बांटे जाने वाले सामान पर रोक लगाने की तैयारियां जांची जाएंगी। आयकर, आबकारी, नारकोटिक्स और अन्य संबंधित विभागों के साथ भी बैठक होगी।
मतदान केंद्रों की जांच: आयोग की टीम मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, बिजली, शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा करेगी। पिंक बूथ और मॉडल मतदान केंद्रों की तैयारियां भी देखी जाएंगी।
वोटर लिस्ट और EVM की जांच: मतदाता सूची को अपडेट करने, नए मतदाताओं के पंजीकरण, वोटर कार्ड वितरण और EVM-VVPAT मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। मशीनों के सुरक्षित भंडारण और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जाएगा।
शिकायतों और सोशल मीडिया पर निगरानी: आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों के लिए cVIGIL ऐप और चुनाव संबंधी अनुमति देने वाले सुविधा पोर्टल की तैयारियां जांची जाएंगी। साथ ही फेक न्यूज, भ्रामक जानकारी और हेट स्पीच पर नजर रखने की व्यवस्था की समीक्षा होगी।
दौरे के अंतिम चरण में मुख्य चुनाव आयुक्त राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें तैयारियों की समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए जा सकते हैं।
फिलहाल पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में चुनाव आयोग के आगामी दौरे और तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ प्रदेश के लोगों की भी नजर बनी हुई है।









