ख़बरिस्तान नेटवर्क : फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ा एक खुलासा हुआ है। घटना की जांच कर रही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, प्लेन के कैप्टन पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।
प्लेन के तीनों हाईड्रोलिक सिस्टम में खराबी थी
इसके अलावा जांच रिपोर्ट में यह भी बात सामने आई है कि उड़ान के दौरान एयरबस प्लेन के फ्लाइट-कंट्रोल सिस्टम में तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी दर्ज की गई थी। फिलहाल AAIB की ओर से मामले की विस्तृत जांच जारी है और अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
हवा में 300 फीट नीचे गिरा विमान, मची चीख-पुकार
यह खौफनाक घटना 4 अगस्त की है, जब फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का प्लेन भुवनेश्वर के ऊपर से गुजर रहा था। अचानक प्लेन करीब 300 फीट नीचे आ गिरा, जिससे प्लेन में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स में हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त प्लेन में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्यों समेत कुल 145 लोग सवार थे। शुरुआती स्तर पर इस अचानक आए झटके का कारण टर्बुलेंस (हवाई दबाव का संतुलन बिगड़ना) माना जा रहा था, लेकिन अब सामने आए तथ्यों ने जांच की दिशा बदल दी है।
टर्बुलेंस के कारण 24 लोग हुए थे घायल
दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद तुरंत 20 यात्रियों और 4 केबिन क्रू मेंबर्स समेत कुल 24 लोगों का ईलाज किया गया। इनमें से मामूली चोटिल 20 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 4 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
प्लेन को भी हुआ था भारी नुकसान
वहीं हवा में लगे तेज झटके के कारण केबिन के अंदर भारी नुकसान हुआ, जिसमें ओवरहेड सीलिंग पैनल, पैसेंजर-सर्विस यूनिट और सामान रखने वाले ओवरहेड-बिन के दरवाजे टूट गए। इसके अलावा इमरजेंसी-एग्जिट हैंडल, क्रू सीट्स और टॉयलेट का हिस्सा तक उखड़ गया।








