जालंधर: दशहरा और दिवाली से पहले पटाखा मार्केट को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब खत्म होती नजर आ रही है। जिला प्रशासन ने पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में 5.5 एकड़ जमीन पर अस्थायी पटाखा मार्केट लगाने की मंजूरी दे दी है।
फिलहाल जमीन पर धान की फसल खड़ी है। मार्केट तैयार करने के लिए फसल को पहले काटना होगा। इसके लिए किसान को फसल का मुआवजा दिया जा रहा है। इसके बाद जमीन को मार्केट के लिए तैयार किया जाएगा।
पटाखा मार्केट की जगह को लेकर पिछले कई दिनों से कारोबारियों की ओर से अलग-अलग जगहों पर चर्चा और प्रयास किए जा रहे थे। पहले लैदर कॉम्प्लेक्स के पास खाली प्लॉट समेत कई जगहों पर विचार हुआ, लेकिन कोई जगह तय नहीं हो पाई थी।
अब राओवाली की जमीन को मंजूरी मिलने के बाद मार्केट लगाने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, इस इलाके में रेरू चौक पर ट्रैफिक बढ़ने और धोगड़ी रोड की खराब हालत को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
सुरक्षा के लिए ये नियम जरूरी
पटाखा दुकानों को हाईवे और रिहायशी इलाके से 50 मीटर, पेट्रोल पंप से 50 मीटर, फैक्ट्रियों से 15 मीटर और पार्किंग से 15 मीटर दूर रखना होगा।दुकानों के बीच कम से कम 3 मीटर की दूरी जरूरी होगी। हर दुकान के बाहर 4 आग बुझाने वाले यंत्र और 200 लीटर पानी रखना होगा।
पटाखों की बिक्री का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक तय किया गया है।फिलहाल प्रशासन की मंजूरी के बाद कारोबारियों को राहत मिली है। अब देखना होगा कि जमीन को मार्केट के लिए कितनी जल्दी तैयार किया जाता है और सभी सुरक्षा व ट्रैफिक नियमों का पालन किस तरह होता है।









