जालंधर में सुबह-सुबह बड़ा हादसा! रामा मंडी फ्लाईओवर पर 2 पिकअप को टिप्पर ने मारी टक्कर

जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सरियों से लदे खराब खड़े ट्रक के कारण पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जिसमें एक पिकअप चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के रामा मंडी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सरियों से लदे खराब खड़े ट्रक के कारण पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने दो पिकअप गाड़ियों को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जिसमें एक पिकअप चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। एक पिकअप में रखा करीब 2.5 लाख रुपये का सोफा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

खराब ट्रक के कारण रुकी थीं पिकअप गाड़ियां
हादसे में घायल पिकअप चालक सुमन ने बताया कि वह अपनी गाड़ी लेकर गुरदासपुर की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे रामा मंडी फ्लाईओवर पर पहुंचे तो आगे सरियों से लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपनी पिकअप रोक ली और आगे निकलने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए टिप्पर ने उनकी पिकअप और पास खड़ी दूसरी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ढाई लाख का सोफा टूटा, चालक के पैर में आई चोटें
सुमन के मुताबिक, हादसे के समय उनकी गाड़ी में वह अकेले सवार थे, जबकि दूसरी पिकअप में दो लोग मौजूद थे। टक्कर के कारण गाड़ी में रखा करीब 2.5 लाख रुपये का सोफा भी खराब हो गया। हादसे में उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों और पैर में चोटें आई हैं। घायल चालक ने आगे सड़क पर खराब खड़े ट्रक और टिप्पर चालक को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि उनकी गाड़ी सड़क किनारे रुकी हुई थी, लेकिन टिप्पर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

MDT ऐप से मिली सूचना, मौके पर पहुंची SSF टीम
सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) में तैनात कांस्टेबल अमरदीप ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे MDT ऐप के जरिए रामा मंडी फ्लाईओवर पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि सरियों से लदा एक ट्रक तकनीकी खराबी के कारण पुल पर खड़ा था और आगे बढ़ने की स्थिति में नहीं था।

हाइड्रा क्रेन की मदद से हटाए वाहन, 9 बजे खुला रास्ता
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। यातायात को सामान्य करने के लिए SSF कांस्टेबल अमरदीप चट्ठा और कांस्टेबल रणजीत सिंह ने मौके पर हाइड्रा क्रेन मंगवाई। इसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप गाड़ियों और खराब खड़े ट्रक को सड़क से हटवाया गया। सुबह करीब 6 बजे से प्रभावित यातायात को टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 9 बजे तक सामान्य करवा दिया। इसके बाद फ्लाईओवर की सभी लेनों पर वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई।

पुलिस को सौंपी गई हादसे की रिपोर्ट
SSF टीम ने हादसे से संबंधित पूरी जानकारी कैंट/रामा मंडी क्षेत्र के संबंधित पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी एएसआई हरीश कुमार को सौंप दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, SSF की अगली शिफ्ट में कांस्टेबल राज सिंह और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाल ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *