ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित ISI एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बठिंडा कैंट सहित संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी करने और उनसे जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स तक पहुंचाने का आरोप है। यह कार्रवाई मिलिट्री इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त रूप से की है।
फिरोजपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोजपुर जिले के गांव जखरावां निवासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स के संपर्क में था और उनके निर्देशों पर सैन्य ठिकानों की गतिविधियों पर नजर रखता था।
सैन्य लोकेशन और अहम जानकारियां जुटाने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सैन्य ठिकानों की लोकेशन और अन्य संवेदनशील जानकारियां जुटाता था। आरोप है कि वह यह सूचनाएं सीमा पार पाकिस्तान में बैठे अपने संपर्कों तक पहुंचाता था। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि आरोपी ने अब तक कितने सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी की और कौन-कौन सी गोपनीय जानकारियां साझा कीं।
पाकिस्तान तक जानकारी पहुंचाने के तरीके की जांच जारी
इस मामले में बठिंडा काउंटर इंटेलिजेंस, मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। अब जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों, उसके नेटवर्क और जानकारी भेजने के माध्यम की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जासूसी गतिविधि में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।









