ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कपड़ा कारोबारी की उसके ही दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले कारोबारी को बहाने से बुलाया और फिर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में कारोबारी के दोस्त समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय पंकज अरोड़ा निवासी नौलखा गार्डन, लुधियाना के रूप में हुई है।
2 से ढाई करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद
मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, पंकज अरोड़ा का अपने दोस्त मिक्की आहूजा के साथ करीब 2 से ढाई करोड़ रुपये का आर्थिक लेन-देन था। पंकज को अपने दोस्त से पैसे लेने थे। इसी रकम का भुगतान करने के बहाने मिक्की ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया था।
परिजनों को अंदेशा है कि इसी लेन-देन के विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि मिक्की ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले पंकज का अपहरण किया और फिर उनकी हत्या कर दी।
15 तोले सोने के गहने पहनकर निकले थे कारोबारी
बताया जा रहा है कि पंकज अरोड़ा जब घर से निकले थे, तब उन्होंने करीब 15 तोले सोने के गहने पहन रखे थे। हत्या के बाद ये गहने गायब मिले हैं। ऐसे में कारोबारी की हत्या के साथ-साथ उनके सोने के आभूषणों के गायब होने का मामला भी जांच के दायरे में है।
दोस्त मिक्की आहूजा समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच करते हुए थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मिक्की आहूजा के अलावा अजय सिंह और शिवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पंकज अरोड़ा की हत्या करने और शव को बठिंडा के एक छप्पड़ में फेंकने की बात कबूल की है।
बठिंडा के छप्पड़ में फेंका शव
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने कारोबारी के शव को लुधियाना से दूर बठिंडा ले जाकर एक तालाब (छप्पड़) में फेंक दिया था। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इसमें हत्या की वजह, गायब सोने के गहने और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।









