जालंधर में हाईवे पर भीषण हादसा, बेकाबू टिप्पर ने डॉक्टर को कुचला; मौके पर मौत

जालंधर हाईवे पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में घुटने और कूल्हे के विशेषज्ञ डॉक्टर की जान चली गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर हाईवे पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में घुटने और कूल्हे के विशेषज्ञ डॉक्टर की जान चली गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा उस वक्त हुआ जब देर रात एक मरीज की ड्रेसिंग (पट्टी) कर वापस लौट रहे दो बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार टिप्पर ने अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें बाइक सवार डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान डॉक्टर मनीष के रूप में हुई है, जबकि उनके घायल साथी का नाम दीपक बताया जा रहा है।

नशे में धुत ड्राइवर ने कई मीटर तक घसीटा
दर्दनाक हादसे में घायल हुए दीपक ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे दोनों LPU के पास एक पेशेंट के घर से लौट रहे थे और फ्लाईओवर से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेहद तेज रफ्तार टिपर चालक ने पहले हल्की साइड दी और फिर अचानक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टिपर दोनों को कई मीटर तक घसीटता चला गया।

दीपक के मुताबिक, ट्रक चालक भारी नशे में था और हादसे के बाद उससे ब्रेक लगाने तक की हिम्मत नहीं हुई। दीपक ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए ट्रक के नीचे की ट्यूबों को पकड़ लिया और बीच में टिक गए, जिससे उनकी जान बच गई, जबकि घबराहट के कारण मनीष बाइक से गिरकर टिप्पर के टायरों के नीचे आ गया।

पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को लिया हिरासत में
घटना के बाद कैंट थाने के ACP बलवंत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी टिपर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *