ख़बरिस्तान नेटवर्क : इंग्लैंड में रहने वाली पंजाबी महिला डॉक्टर शिवानी की घर में आग लगने की दर्दनाक घटना में मौत हो गई। घर से धुआं निकलता देखकर पड़ोसियों ने तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद डॉक्टर शिवानी और उनके पति दिलावर कटारिया को घर से बाहर निकाला। हालांकि, मेडिकल टीम की कोशिशों के बावजूद शिवानी की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, उनके पति की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में कोमा में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।
घर से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने दी सूचना
जानकारी के मुताबिक, घटना के दौरान घर से अचानक धुआं निकलने लगा। यह देखकर आसपास रहने वाले लोगों ने बिना देरी किए इमरजेंसी सेवाओं को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर फंसे पति-पत्नी को बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर शिवानी को बचाया नहीं जा सका।
पति दिलावर वेंटिलेटर पर चल रहा इलाज
आग की चपेट में आने से शिवानी के पति दिलावर कटारिया भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बर्मिंघम के क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार, वह फिलहाल कोमा में हैं और वेंटिलेटर सपोर्ट पर उनका इलाज चल रहा है।
घरेलू हिंसा और साजिश की आशंका, मायके पक्ष ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद डॉक्टर शिवानी के मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद सामने आया है। मायके पक्ष ने मामले में घरेलू हिंसा और साजिश की आशंका जताई है। उनका कहना है कि घटना की पूरी जांच होनी चाहिए और इसके पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाना जरूरी है।
ससुराल पक्ष ने बताया शॉर्ट-सर्किट से हुआ हादसा
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि घर में आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी थी और यह एक हादसा है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की आधिकारिक जांच के नतीजों का इंतजार है।









