ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर नगर निगम की आज हुई हाउस बैठक भारी हंगामे, सियासी नारेबाजी और कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बीच संपन्न हुई। एक ओर जहां मेयर विनीत धीर ने शहर के सीवरेज सिस्टम, सफाई और सड़कों की मरम्मत के लिए 150 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी, वहीं दूसरी ओर निगम मुख्यालय के बाहर हड़ताली कर्मचारियों ने कूड़े की गाड़ियां खड़ी कर रास्ता जाम कर दिया और बैठक के भीतर विपक्षी पार्षदों ने जोरदार हंगामा करते हुए वॉकआउट कर दिया।
बाहर कर्मियों का घेराव, सेकंड फ्लोर के रास्ते किए बंद
हाउस बैठक शुरू होने से पहले ही नगर निगम के एक कर्मचारी गुट ने अपनी मांगों को लेकर दोबारा हड़ताल शुरू कर दी और मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुलाजिमों ने कूड़े से भरी गाड़ियों को निगम दफ्तर के मुख्य गेट के सामने खड़ा कर आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी।
इतना ही नहीं, कर्मियों ने निगम की दूसरी मंजिल (सेकंड फ्लोर) पर जाने वाले सभी रास्ते भी बंद कर दिए, जिससे बैठक में शामिल होने आए पार्षदों और आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बार-बार हो रही इस हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
कब्जों और घटिया ईंटों पर सदन में संग्राम, विपक्ष का वॉकआउट
बैठक के भीतर भी माहौल बेहद गर्म रहा। पार्षद बंटी नीलकंठ ने निगम की 4 मरले जमीन पर कब्जे का मुद्दा उठाया, जिस पर मेयर विनीत धीर ने पलटवार करते हुए कहा कि शहर में जितने भी अवैध कब्जे हुए हैं, वे पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए थे। इसके बाद एक अन्य कॉलोनी के कब्जे को लेकर जब आप पार्षद रोबिन लव ने अपनी बात रखी, तो एक महिला पार्षद ने हंगामा शुरू कर दिया।
मेयर की शांत रहने की अपील के बावजूद विपक्षी पार्षदों ने नारेबाजी शुरू कर दी और बैठक से वॉकआउट कर बाहर आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी बीच, नीरज जस्सल भी इलाके में चल रहे सीवरेज के काम में घटिया ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत लेकर मौके पर पहुंचे। उनका आरोप था कि वे सबूत के तौर पर घटिया ईंटें लेकर आए थे, लेकिन मेयर बिना ईंटें देखे ही वहां से चले गए।
मेयर का पलटवार: विकास की बड़ी राशि से परेशान है विपक्ष
बैठक के बाद मेयर विनीत धीर ने बताया कि 150 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्ट्स की कागजी कार्रवाई और टेंडर प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में आप पार्षदों के मुकाबले विपक्ष को बोलने का अधिक मौका दिया गया, फिर भी कांग्रेस और भाजपा के कुछ सदस्यों ने बिना वजह कार्यवाही में बाधा डाली।
मेयर ने तंज कसते हुए कहा कि शायद विपक्षी सदस्य शहर के विकास के लिए मंजूर हुई इतनी बड़ी राशि से परेशान हैं। वहीं, कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनियन के साथ बैठकर इस मसले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि 35 साल में पहली बार 1196 कर्मियों की भर्ती की फाइल पास करवाई गई है, जिसके लिए वे खुद 20 बार चंडीगढ़ दफ्तर के चक्कर लगा चुके हैं।









