ख़बरिस्तान नेटवर्क : जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व पत्रकार निधि राजदान सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। उमर ने शनिवार को निधि के साथ दो तस्वीरें साझा करते हुए नई शुरुआत का जिक्र किया। इसके बाद दोनों के रिश्ते और शादी को लेकर अटकलें तेज हो गईं। निधि राजदान की पोस्ट ने भी इन चर्चाओं को हवा दी है।
उमर अब्दुल्ला ने तस्वीरें शेयर कर लिखी खास बात
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर निधि राजदान के साथ दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।” पोस्ट में रिंग इमोजी भी शामिल था, जिसके बाद यूजर्स दोनों की शादी या सगाई होने के कयास लगाने लगे। निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “इट्स डन ब्रो” (It’s done, bro)। दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
पहली पत्नी से जुलाई में हुआ था तलाक
उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला का विवाह 1994 में हुआ था। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से उनके विवाह को समाप्त करने का आदेश दिया था। अब निधि राजदान के साथ उमर की नई शुरुआत की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में यह चर्चा का विषय बन गई है।









