एक अलर्ट ने खोली जालंधर हादसे की खबर! iPhone के क्रैश डिटेक्शन से मां को मिली बेटे के एक्सीडेंट की सूचना

An alert revealed the Jalandhar accident! iPhone’s Crash Detection feature notified a mother about her son’s accident.

जालंधर में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सिंगर-रैपर हनी सिंह के भतीजे और स्पीड रिकॉर्ड के बेटे विदित ओलक की मौत के मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद विदित के iPhone ने सबसे पहले उसकी मां के मोबाइल पर एक्सीडेंट का अलर्ट भेजा था। दरअसल, विदित ने अपने फोन में क्रैश डिटेक्शन फीचर ऑन कर रखा था और इमरजेंसी अलर्ट के लिए अपनी मां का नंबर दर्ज किया हुआ था।

रात करीब ढाई बजे जैसे ही हादसा हुआ, विदित की मां के मोबाइल पर अलर्ट पहुंच गया। वह सबसे पहले जागीं और परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विदित के मोबाइल पर फोन किया गया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो सकी। दोस्त से संपर्क करने पर पता चला कि विदित का एक्सीडेंट हो गया है और उसे सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा है।

नगर निगम की ट्राली से टकराई थी कार

जानकारी के मुताबिक, विदित अपने दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी के लिए गया था। इसी दौरान खालसा कॉलेज फ्लाइओवर पर उनकी कार नगर निगम की ट्राली से टकरा गई। हादसे में विदित की और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य युवक भी हादसे का शिकार हुए।

इस मामले में नगर निगम की लापरवाही के आरोप भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़ी ट्राली के पीछे रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे। इसके अलावा मौके पर न बैरिकेडिंग की गई थी, न लाल झंडी लगाई गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।

दोस्तों के बुलाने पर पार्टी में जा रहा था विदित

सूत्रों के मुताबिक, दकोहा के एक फार्म हाउस में बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। विदित उस समय घर पर आराम कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसके दोस्त उसे घर से पार्टी के लिए लेकर गए थे।

भाई के कनाडा से आने का इंतजार

विदित का सगा भाई मनन ओलक कनाडा में रहता है, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य न्यूजीलैंड में है। परिजनों के मुताबिक, उनके आने के बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

शोक जताने पहुंचे पंजाबी कलाकार

विदित की मौत की खबर से पंजाबी मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। परिवार के प्रति संवेदना जताने के लिए पंजाबी कलाकार दिनेश ओलक के घर पहुंच रहे हैं। गिप्पी ग्रेवाल, बिन्नू ढिल्लों, सरगुन मेहता, अमृत मान और गगन कोकरी सहित कई कलाकार परिवार के साथ दुख साझा कर चुके हैं।

हादसे में इस्तेमाल हुई Volkswagen Virtus GT कार को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, कार के किसी विशेष फीचर के इस्तेमाल या तेज रफ्तार को हादसे की वजह मानने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *