खेल मंत्रालय ने हाल ही में चुनी गई रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को सस्पेंड कर दिया है। 21 दिसंबर को WFI के चुनाव हुए थे, जिसमें संजय सिंह इसके अध्यक्ष चुन गए थे। संजय सिंह भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी हैं। जिस कारण साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया सहित कई पहलवानों ने इसका विरोध किया था।
साक्षी मलिक ने लिया था संन्यास
WFI चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने जूते ऊपर रखे और रोते हुए कहा कि अब मैं कुश्ती नहीं खेलूंगी और इससे संन्यास लेती हूं। WFI के जो चुनाव हुए हैं उनमें पारदर्शिता नहीं हुई, जिस कारण फिर बृजभूषण के करीबी ही चुनाव जीते हैं।
बजरंग पुनिया ने वापिस लौटाया राष्ट्रीय सम्मान
इसके बाद बजरंग पुनिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपना राष्ट्रीय सम्मान पद्मश्री लौटाने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि वह इस सम्मान के साथ अब जी नहीं सकते। राष्ट्रीय सम्मान को लौटाने के लिए वह पीएम आवास गए थे, जहां पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया था। जिसके बाद वह पीएम आवास के पास ही अपना सम्मान छोड़कर वापिस आ गए थे।