कनाडा में एडमोंटन पुलिस ने 6 पंजाबी युवकों को फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया है। युवक दक्षिण एशियाई समुदाय को निशाना बनाकर जबरन वसूली करते थे। जिसमें पुलिस ने एक के खिलाफ वारंट भी जारी किया है। फिलहाल पुलिस उसको ढूंढ रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ 54 आरोप दर्ज
मिली जानकारी मुताबिक, पुलिस ने 34 साल के मनिंदर सिंह धालीवाल के खिलाफ वारंट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि धालीवाल और 6 अन्य के खिलाफ कुल 54 आरोप दर्ज किए गए हैं। इनमें जबरन वसूली, आगजनी, जानबूझकर आग लगाना, तोड़फोड़, निजी स्थान में घुसना, हथियार से हमला करना और आपराधिक संगठन के लिए अपराध करना जैसे आरोप शामिल हैं।
मनिंदर धालीवाल ग्रुप का सरगना
पुलिस का मानना है कि मनिंदर धालीवाल जबरन वसूली करने वाले आपराधिक ग्रुप का सरगना है। एडमोंटन पुलिस ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट गैसलाइट पर एक अपडेट दिया जो एडमोंटन में व्यवसाय मालिकों को निशाना बनाकर की गई घटनाओं की जांच है। जो पंजाब से एक ग्रुप द्वारा चलाई जा रही थी।
40 घटनाओं की पहचान की
इस संबंध में अब तक 40 घटनाओं की पहचान की जा चुकी है, जिसमें शुक्रवार की सुबह दक्षिण-पश्चिम एडमोंटन के कैवनाघ में एक अपार्टमेंट में आगजनी भी शामिल है। पुलिस के सीनियर अधिकारी डेल मैकफी का कहना है कि जबरन वसूली से न केवल एक व्यक्ति या लोगों पर असर पड़ता है, बल्कि इससे पूरे समुदाय में डर का माहौल पैदा होता है। अब पुलिस ऐसी घटनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
अपराध में युवाओं को अपने साथ जोड़ रहे थे
बताया जा रहा है कि पुलिस और आरसीएमपी ने दक्षिण-पूर्व एडमोंटन में 6 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। जिसमें 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि पहचाने गए व्यक्ति आपराधिक नेटवर्क के मुख्य सदस्य है। क्राइम ब्रांच के अधिकारी जेव पैटन ने बताया कि अपराध करने के लिए और युवाओं को अपने साथ जोड़ा जा रहा था।
आरोपियों की उम्र 17 से 21 साल के बीच में
पुलिस ने बताया कि वारदातों को अंजाम देने के लिए पैसे दिए जाते हैं। गिरफ्तार किए आरोपियों की उम्र 17 से 21 साल के बीच है। पुलिस ने युवाओं से अपली की है कि वे ऐसे लोगों से दूर ही रहे नहीं तो मुसीबत में फंस सकते हैं।