ख़बरिस्तान नेटवर्क - पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के परिवार ने म्यूजीशियन सलीम मर्चेंट को 'जांदी वार' गाना रिलीज न करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी सलीम को रोका था। इसके अलावा इस गाने का व्यापारीकरण करना भी गैरकानूनी है। सलीम मर्चेंट ने इस गाने को 2 सितंबर को रिलीज करने की घोषणा की है। परिवार की चेतावनी के बाद भी गाना रिलीज हुआ तो परिवार कानूनी रास्ता अख्तियार करेगा। सिद्धू मूसेवाला का 29 मई को मानसा के जवाहरके में गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया था।
सलीम मर्चेंट ने वीडियो जारी कर कहा कि वह मूसेवाला का गाना 2 सितंबर को रिलीज कर रहे हैं। इस गाने की इनकम का एक हिस्सा मूसेवाला के माता-पिता को जाएगा। सलीम ने कहा कि यह गाना जुलाई 2021 को चंडीगढ़ में रिकॉर्ड किया था। जिसमें अफसाना गान ने भी आवाज दी है। सलीम ने इस गीत को मूसेवाला के लिए ट्रिब्यूट करार दिया था।
सिद्धू मूसेवाला के परिवार का कहना है कि इस रिलीज को उन्होंने अभी तक अधिकृत नहीं किया है। मूसेवाला के कत्ल के 3-4 दिन बाद ही सलीम इस गाने को रिलीज करना चाहते थे। उस समय पिता बलकौर सिंह ने वॉयस नोट भेज रोका था। इस वक्त परिवार का फोकस मूसेवाला को इंसाफ दिलाने पर है। मूसेवाला के बिना लाइसेंस के गाने का व्यापारीकरण करना और बिना अग्रिम परमिशन के मूसेवाला के ई-हस्ताक्षर का इस्तेमाल भी गैरकानूनी है।