ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान भी मदद के लिए आगे आए हैं। शाहरुख खान की मीरा फाउंडेशन ने वॉयस ऑफ अमृतसर के साथ मिलकर पीड़ितों की मदद करेंगे। दोनों मिलकर पंजाब में 500 परिवारों के बच्चों की शिक्षा, बिस्तर, गद्दे, स्टोव, पंखे, पानी, मशीन और अन्य जरूरी सामान मुहैया करवाएंगे।
कई बॉलीवुड कलाकार बढ़ा चुके हैं मदद का हाथ
शाहरुख से पहले सलमान खान भी मदद के लिए सामने आ चुके हैं। उन्होंने अपने शो के दौरान कहा था कि पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही मची है। किसानों के घर बह गए हैं और कई घर गिर गए हैं, जिससे उन लोगों के पास रहने की जगह नहीं बची, जबकि ये वही किसान हैं जो हमारे लिए खाना उगाते हैं। यह कौम सोशल सर्विस के लिए जानी जाती है।
यह कौम बिना किसी स्वार्थ के लोगों की मदद के लिए प्रसिद्ध है। सैकड़ों सालों तक इस कौम ने लोगों को खाना बांटा है, किसी को निराश नहीं किया और भूखे पेट वापस नहीं भेजा। अब हमारी बारी है, हमें भी अपना योगदान देना चाहिए। पंजाब के कई सिंगर पहले ही मदद कर चुके हैं, और हम लोग भी पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता की कोशिश कर रहे हैं।
आपको बता दें कि शाहरुख, सलमान से पहले बॉलीवुड कलाकार पंजाब की मदद के लिए हाथ बढ़ा चुके हैं। एक्टर सोनू सूद अपनी टीम के साथ खुद लोगों की सेवा कर रहे हैं। वहीं अक्षय कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। जबकि रणदीप हुड्डा भी लोगों की मदद के लिए समाज सेवी संगठनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।