बटाला के सरवाली गांव में लंगर सेवा करके लौट रहे पति-पत्नी की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मार दी। जिसमें दोनों पति-पत्नी दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पति की मौत हो गई है जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला को अमृतसर रेफर कर दिया गया है।
मृतक की पहचान सोहन सिंह के तौर पर हुई है। वहीं महिला परमिंदर कौर निवासी गांव सरवाली का इलाज चल रहा है। फिलहाल थाना किला लाल की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना शनिवार देर रात की है। इस गोली कांड को लेकर क्षेत्र में पूरी तरह दहशत का माहौल बन गया है।
गांव सरवाली के पास चोहला साहिब के मेले के संबंध में लंगर चल रहा है और शनिवार की देर रात को उक्त दोनों पति-पति लंगर की सेवा करके वापस अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक सवार दो युवकों ने उनपर फायरिंग शुरू कर दी। दोनों पति-पत्नी को गोलियां लगी जिसमें पति सोहन सिंह की गोली लगने से मौत हो गई।
एसपी बटाला जसवंत कौर ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फायरिंग की वजह कोई रंजिश हो सकती है या कोई जमीनी विवाद भी हो सकता है। फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस जांच में जुटी हुई है।