कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब पर कब्जे के विवाद में सुबह निहंगों और पुलिस के बीच फायरिंग हो गई। गोली लगने से एक पुलिस मुलाजिम की मौत हो गई है। पंजाब पुलिस के डीएसपी समेत दस से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
दो दिन से गुरुद्वारे पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार रात पुलिस ने कब्जा करने के आरोपी कुछ निहंगों को अरेस्ट कर एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने दस निहंगों को अरेस्ट किया था और कुछ और का नाम एफआईआर में शामिल था। पुलिस आरोपी निहंगों को गिरफ्तार करने गुरुद्वारा साहिब पहुंची थी। इस बीच निहंगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। दोनों तरफ से गोलियां चलीं।
दो गुटों का आपसी विवाद
गुरुद्वारा अकाल बुंगा में बुड्ढा दल के मुखी बाबा बलवीर सिंह 96वें करोड़ी काबिज थे। उन्होंने बाबा निरवैर सिंह ढिल्लो को गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार की जिम्मेदारी दी थी। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे बाबा बुड्ढा दल से अलग हुए गुट के मुखी संत बाबा मान सिंह 15-20 साथियों के साथ गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में जबरन दाखिल हो गए।
आरोप है कि उन्होंने सेवादारों का असलहा, मोबाइल व पैसे छीनकर गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा कर लिया। सेवादार जगजीत सिंह के बयान पर बाबा मान सिंह और उनके 15-20 साथियों पर थाना सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है।
10 निहंग किए थे गिरफ्तार
बुधवार रात मान सिंह गुट के 10 सेवादारों (निहंगों) की ओर से बाबा बलबीर सिंह के दूसरे डेरे गांव बूसोवाल रोड के समीप कब्जे की कोशिश की गई। पुलिस को सूचना मिली तो उन्होंने 10 निहंगों को गिरफ्तार किया था। इनमें 15 मई 2020 को दोनों गुटों में हुई झड़प में कत्ल समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज केस में वांछित आरोपी भी शामिल हैं।
ये पुलिसकर्मी घायल हुए
सुल्तानपुर लोधी के SHO लखविंदर सिंह के मुताबिक पुलिस मुलाजिम जसपाल सिंह की मौत हुई है। डीएसपी भुलत्थ भारत भूषण सैनी, एएसआई सुखदेव सिंह, कॉन्स्टेबल बबलप्रीत सिंह, एएसआई अशोक कुमार, एएसआई गुरमीत सिंह, सुरिंदर सिंह, अमनदीप सिंह, हरभजन सिंह, रमनदीप सिंह और हरजिंदर सिंह घायल हैं और उन्हें सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती करवाया गया है।
कब्जा छुड़ाने की कार्रवाई जारी
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और गुरुद्वारा को खाली कराए जाने के लिए कार्रवाई जारी है। पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 30 निहंग अभी भी गुरुद्वारे के अंदर हैं। कपूरथला के डीसी कैप्टन करनैल सिंह, आईजी जालंधर रेंज एस भूपति, SSP वत्सला गुप्ता समेत आला अधिकारी सुल्तानपुर लोधीके गुरुद्वारा बेर साहिब में मीटिंग कर रहे हैं।