जालंधर, पंजाब में फिरोजपुर रूरल से पूर्व विधायक सत्कार कौर और उनके ड्राइवर को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। पुलिस ने उनके घर पर रेड करके 28 ग्राम चिट्टा और 1.56 लाख रुपए ड्रग मनी भी जब्त की है।
इसकी जानकारी बुधवार को IG सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। गिरफ्तारी के दौरान पूर्व महिला विधायक के डाइवर ने गाड़ी भगा ली और एक पुलिस कर्मी पर चढ़ा दी। इसके बाद टीम ने दोनों को दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच अभी चल रही है। मोहाली के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के थाने में केस दर्ज किया गया है। बता दें पूर्व विधायक सत्कार कौर 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थी।
एक नशेड़ी के कारण सत्कार कौर तक पहुंची पुलिस
पुलिस को एक सोर्स से सूचना मिली थी कि वह नशे का आदी है। उसे एक औरत नशा बेचने के लिए मजबूर कर रही है। इस दौरान सोर्स ने पुलिस को कुछ कॉल रिकॉर्डिंग दी थीं। जिसमें नशे की डील को लेकर बातचीत थी। पुलिस ने जांच की तो उसमें सत्कार कौर का नाम सामने आया।
मोबाइल सर्विलांस से हुआ खुलासा
इसके बाद 2 मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया। इसमें 2 लोगों की भूमिका सामने आई। इसके बाध सोर्स ने पुलिस को कहा कि वह ग्राहक बनकर उनसे नशा मंगवा सकता है। इसके बाद उसने पूर्व विधायक से डील तय की। इस पर पुलिस ने ट्रैप लगाया।
खुद सप्लाई देने पहुंची थी पूर्व विधायक
बुधवार शाम को सत्कार ड्राइवर के साथ खरड़ के बूथ वाला चौक पर नशे की सप्लाई करने आई तो टीम ने उसे काबू किया गया। इस दौरान सत्कार के ड्राइवर ने पुलिस कर्मचारी के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। बाद में उन्हें काबू कर लिया गया।
घर से मिला 1.56 लाख कैश
पूर्व विधायक को काबू करने के बाद पुलिस ने खरड़ में सन्नी एनक्लेव स्थित उनके घर पर सर्च की। वहां पर 28 ग्राम चिट्टा और एक लाख 56 हजार कैश मिला। यह पैसे छोटे-छोटे पैकेटों में रखे हुए थे। कुछ गोल्ड भी बरामद हुआ है।
घर से 4 गाड़ियां, 5 नंबर प्लेट बरामद
IG सुखचैन सिंह ने बताया कि घर पर 4 वाहन घर मिले हैं। एक फॉर्च्यूनर कार, वरना, BMW और एक अन्य शामिल है। तीन गाड़ियों के नंबर हरियाणा व दिल्ली के थे। वहीं पांच नंबर प्लेट बरामद हुई हैं, जो कि इन गाड़ियों से अलग हैं। इससे साफ है कि वह नशे के कारोबार में शामिल हैं। पुलिस की सर्च जारी है।