पंजाब के पटियाला-संगरूर नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। समाना हलके के गांव पसियाणा के पास भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूट गया। हादसे के वक्त पुल के ऊपर से दो ट्रक गुजर रहे थे। पुल टूटते ही दोनों ट्रक उसके साथ धंस गए और नहर के ऊपर लटक गए।
हादसे के बाद भाखड़ा नहर का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। वहीं, एक ट्रक में आग भी लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन की बचाव टीमें और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक बंद कर दिया है। वाहनों को दूसरे पुल की तरफ डायवर्ट किया गया है। फिलहाल दोनों ट्रकों में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि यह पुल साल 2016 में नेशनल हाईवे के निर्माण के दौरान बनाया गया था। करीब 10 साल बाद पुल के अचानक टूटने से इसकी मजबूती और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले साल भी पुल में दरारें आ गई थीं, जिसके बाद NHAI की ओर से इसकी मरम्मत करवाई गई थी। लोगों का दावा है कि पुल की जर्जर हालत को लेकर सिंचाई विभाग से कई बार शिकायत भी की गई थी।
फिलहाल प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही पुल टूटने की असली वजह सामने आ पाएगी।









