ख़बरिस्तान नेटवर्क : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को जालंधर पहुंचकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पंजाब के विकास को प्रभावित किया है। नितिन नबीन ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से मुक्ति दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार युवाओं को सही दिशा देने में नाकाम रही।
डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका, संत निरंजन दास से की मुलाकात
जनसभा से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे। यहां उन्होंने संत गुरु रविदास जी महाराज के मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने संत निरंजन दास से भी मुलाकात की। नबीन ने कहा कि उन्हें गुरु की नगरी में संत निरंजन दास का आशीर्वाद लेने का अवसर मिला है। उन्होंने यात्रा के आयोजन में जुटे भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तैयारियों के लिए बधाई भी दी।
राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर भी साधा निशाना
नितिन नबीन ने राहुल गांधी के अमेरिका दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता विदेशों में जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर की गई टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत की इकोनॉमी डिजास्टर नहीं है, बल्कि राहुल गांधी की मानसिकता डिजास्टर है।
16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा का शुभारंभ
नितिन नबीन जालंधर से संत गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने पहुंचे हैं। यह यात्रा 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगी और पंजाब समेत 7 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी।
भाजपा के मुताबिक, यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरते हुए काशी पहुंचेगी। इसके दौरान संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समानता, मानवता और ‘बेगमपुरा’ के संदेश को लोगों तक पहुंचाने के लिए जनसभाएं और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।









