कश्मीर में लश्कर कमांडर ढेर, मस्जिद में छिपा था आतंकी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। आतंकवादी एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ भट को मार गिराया। आतंकवादी एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। सुरक्षा बलों ने उसे बाहर आने और आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार चेतावनी दी, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में वह मारा गया।

इस पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने विशेष सावधानी बरती और मस्जिद को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने दिया। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी के मस्जिद में मौजूद होने के कारण ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बन गया था।

खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुआ ऑपरेशन
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादी की मौजूदगी को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने आपसी तालमेल और बेहतर रणनीति के साथ इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षा बलों ने उस पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी, जहां स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान सुरक्षा बलों ने आतंकवादी को आत्मसमर्पण करने के लिए कई मौके दिए, लेकिन उसने हथियार डालने के बजाय गोलीबारी शुरू कर दी।

पौने 3 बजे शुरू हुई मुठभेड़
SSP अनायत अली चौधरी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे आतंकवादी ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई और इलाके में मुठभेड़ तेज हो गई। आतंकवादी के मस्जिद के अंदर फंसे होने के कारण सुरक्षा बलों के सामने बड़ी चुनौती थी। मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए जवानों ने बेहद संयम और सावधानी के साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि पूरे ऑपरेशन के दौरान मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से स्थिति को संभाला गया।

CRPF DG ने अनोखे अंदाज में दी बधाई
ऑपरेशन में लश्कर कमांडर के मारे जाने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “बधाई हो साथियों। कुछ चीजें ठंडी करके ही परोसी जानी चाहिए, भले ही मौसम ठंडा क्यों न हो।” इस तरह कुलगाम में सुरक्षा बलों ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को मार गिराया। खास बात यह रही कि आतंकवादी के मस्जिद में छिपे होने के बावजूद सुरक्षा बलों ने धार्मिक स्थल को सुरक्षित रखते हुए ऑपरेशन पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *