एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की यादों को हमेशा जिंदा रखने के लिए परिवार ने अनोखी पहल की है। परिवार ने झोटा की अस्थियों को एक फलदार पौधे की जड़ों में दबाकर पौधारोपण किया। झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि इस पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि यह पौधा उनके बेटे की यादों का प्रतीक बना रहे।
वहीं, झोटा की अंतिम अरदास के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। अब यह समागम तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब में आयोजित होगा। पहले अंतिम अरदास मानसा के गांव कोट धर्मू स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री सूलीसर साहिब में रखी गई थी। झोटा के पिता भीम सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे में जगह कम होने के कारण कार्यक्रम का स्थान बदला गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर झोटा को श्रद्धांजलि देने की अपील की।
गौरतलब है कि कत्ल के 26 दिन बाद रविवार (8 नवंबर) को मानसा में परविंदर झोटा का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनके दोनों बेटों अंगदवीर और हरफतेह ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के समय दोनों बेटों ने ‘परविंदर सिंह झोटा अमर रहे’ के नारे लगाए। वहीं, उनकी पत्नी मनप्रीत कौर लगातार वाहेगुरु का जाप करती रहीं। दिवाली के बावजूद झोटा को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
पिता भीम सिंह ने खत्म की भूख हड़ताल
बेटे को इंसाफ दिलाने और मानसा के SSP वैभव चौधरी को हटाने की मांग को लेकर 5 नवंबर से भूख हड़ताल पर बैठे भीम सिंह ने अंतिम संस्कार के बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। उन्होंने पांच सिंह साहिबान के आदेश का सम्मान करते हुए पानी पीकर अनशन खत्म किया।
इस दौरान भीम सिंह ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जड़ें हिल चुकी हैं। उन्होंने प्रदेश में लगे ‘ईमानदार सीएम’ के बोर्डों पर भी सवाल उठाए।
इंसाफ कमेटी ने जारी रखी लड़ाई
इंसाफ मोर्चा के सदस्य मानिक गोयल ने कहा कि धरना खत्म होने के बावजूद कमेटी परिवार के साथ खड़ी रहेगी। जब तक सरकार से जुड़ी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कमेटी CBI जांच पर भी नजर रखेगी।
परिवार के मुताबिक, मंगलवार को झोटा की अस्थियां चुनी जाएंगी। इसके बाद उन्हें जल प्रवाह करने को लेकर फैसला लिया जाएगा। झोटा का 7 नवंबर को PGI चंडीगढ़ में पोस्टमॉर्टम हुआ था और अगले दिन मानसा में उनका अंतिम संस्कार किया गया।









