जालंधर में अवैध खोखे हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर पथराव, दो पक्षों में जमकर मारपीट; महिला समेत 2 हिरासत में

जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अवैध कब्जों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर की भगत सिंह कॉलोनी में अवैध कब्जों को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी मशीन से खोखे हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही विवाद भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान हाथापाई भी हुई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही थाना नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को कंट्रोल में लिया। पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है।

जेसीबी चलते ही शुरू हुआ विरोध, दोनों पक्षों में पथराव
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम भगत सिंह कॉलोनी में बनाए गए दो खोखों को हटाने के लिए पहुंची थी। टीम ने जैसे ही जेसीबी की मदद से इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की, वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों की ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी जवाबी पथराव किया। हालात ऐसे बन गए कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।

वीडियो में कैद हुई झड़प, प्रवासी व्यक्ति की भी पिटाई
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी झड़प के वीडियो बना लिए। सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव होता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में कुछ लोग एक प्रवासी व्यक्ति को पकड़कर उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक महिला को भी पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। दूसरी तरफ स्थानीय लोगों की ओर से भी जवाबी पथराव किया गया। घटना के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप, स्थानीय लोगों ने की थी शिकायत
खोखे हटाने का विरोध कर रहे प्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम की टीम ने बिना किसी पूर्व नोटिस के कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, कॉलोनी के स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध रूप से खोखे बनाकर कब्जा किया गया था। इस संबंध में प्रशासन को शिकायत दी गई थी, जिसके बाद नगर निगम की टीम कार्रवाई करने पहुंची।

पुलिस ने महिला समेत दो को हिरासत में लिया
मामले को लेकर थाना नंबर-1 के SHO अजमेर लाल ने बताया कि नगर निगम की टीम भगत सिंह कॉलोनी में दो खोखे हटाने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले और एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें खोखे का मालिक भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *