ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही ट्रेन एक बड़े हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक पटियाला के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस पैसेंजर ट्रेन के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। इसी दौरान एक बोगी से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे। आग का पता चलते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी, जिसके बाद यात्रियों ने नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।
एक बोगी से शुरू हुई आग, देखते ही देखते 4 डिब्बों तक पहुंची
जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सबसे पहले एक डिब्बे में आग लगी थी। शुरुआती तौर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैलते हुए ट्रेन के चार डिब्बों तक पहुंच गई। चारों बोगियों से उठता काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। आग इतनी भयानक थी कि डिब्बे धू-धू कर जलने लगे।
जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर कूदे यात्री
ट्रेन में आग फैलने के बाद यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बन गया। लोग अपना सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी, जिससे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका मिल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रेलवे अधिकारियों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।
रेलवे ने 8 ट्रेनों के रूट किए डायवर्ट
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने के कारण रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। यात्रियों की सुरक्षा और प्रभावित रेलखंड पर परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 8 ट्रेनों के मार्ग बदल दिए हैं। अंबाला मंडल की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार, डाउन दिशा में चलने वाली 5 और अप दिशा की 3 ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से रवाना किया गया। इससे संबंधित रूट पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ।
रेलवे और दमकल विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने दमकल विभाग और राहत टीमों को अलर्ट कर दिया। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के साथ आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।









