फिरोजपुर में कारोबारी के घर दूसरी बार फायरिंग, घटना सीसीटीवी में कैद

फिरोजपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर किराना कारोबारी के घर को निशाना बनाया है। बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने घर के बाहर दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : फिरोजपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर किराना कारोबारी के घर को निशाना बनाया है। बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश युवकों ने घर के बाहर दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि करीब 18 दिन के भीतर कारोबारी के घर पर दूसरी बार गोलीबारी हुई है। जिस समय यह वारदात हुई, उस दौरान परिवार की सुरक्षा में तैनात सरकारी गनमैन भी घर के अंदर मौजूद था।

18 दिन पहले भी घर पर चली थीं 5 गोलियां
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले 18 अक्टूबर को भी इसी मकान पर पांच गोलियां चलाई गई थीं। कारोबारी को फिरौती के लिए धमकी भरे फोन आने के बाद पुलिस की ओर से परिवार की सुरक्षा के लिए सरकारी गनमैन तैनात किया गया था। इसके बावजूद हमलावर दोबारा घर तक पहुंच गए और फायरिंग करके आसानी से फरार हो गए। लगातार दूसरी बार हुई इस वारदात ने परिवार की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
फायरिंग की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक कारोबारी के घर के बाहर पहुंचते दिखाई देते हैं। बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरता है और सीधे घर के मुख्य गेट की तरफ बढ़ता है। इसके बाद वह दो राउंड फायरिंग करता है और तेजी से वापस बाइक की ओर लौट जाता है। कुछ ही पलों में दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर वहां से भाग निकलते हैं।

विदेशी नंबरों से मांगी गई थी फिरौती
किराना स्टोर चलाने वाले कारोबारी मुनीश चोपड़ा को फायरिंग की घटना से पहले विदेशी फोन नंबरों से फिरौती के लिए कॉल आई थी। कॉल करने वालों ने उनसे लाखों रुपये की मांग की थी। कथित तौर पर रकम का इंतजाम करने के लिए 20 दिन का समय भी दिया गया था। कारोबारी ने इस संबंध में जिला पुलिस को शिकायत दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *