ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में वीरवार सुबह-सुबह एक तेज रफ्तार वरना कार ने सड़क पर मौत का कहर मचा दिया। सुबह करीब 8:15 बजे व्यस्त बाजार की सड़क पर कार अचानक बेकाबू हो गई और रास्ते में आने वाले करीब 5 लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी पर सवार एक सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सब्जी विक्रेता को दूर तक घसीटती ले गई कार, कुचलकर निकली
चश्मदीदों के मुताबिक बेकाबू कार ने सबसे पहले सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू किया। इस दौरान स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता कार की चपेट में आ गया। कार उसे काफी दूर तक घसीटती ले गई और फिर कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कई लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
कार की चपेट में आने से करीब पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए आगे आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, सब्जी विक्रेता की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे के बाद भागा ड्राइवर, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि बाजार में लोगों की भीड़ देखकर वह घबरा गया और कार पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह भीषण हादसा हो गया।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में वरना कार तेज रफ्तार से सड़क पर जाती दिखाई दे रही है। इस दौरान कार सड़क किनारे चल रहे लोगों को एक के बाद एक टक्कर मारती नजर आती है। फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।









