ख़बरिस्तान नेटवर्क : हिमाचल प्रदेश के शिमला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टिक्कर तहसील के दरोटी गांव के पास हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। मृतकों में एक मां-बेटे और तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
मां-बेटे समेत पांच लोगों ने गंवाई जान
जानकारी के अनुसार, हादसे में दरोटी गांव के रहने वाले कुशल पुत्र प्रमोद और उनकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की मौत हो गई। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिकों की भी दुर्घटना में जान चली गई। मृतकों की पहचान निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम के रूप में हुई है। एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर सामने आने के बाद दरोटी गांव सहित आसपास के इलाकों में मातम पसरा हुआ है।
घायल नेपाली मजदूर की हालत गंभीर
इस दुर्घटना में एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही दुर्घटना में पांच लोगों की मौत से स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने मृतकों के परिवारों को दी फौरी राहत
टिक्कर की तहसीलदार प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांचों लोगों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अन्य सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी जारी है।









