ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा समेत कई मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनाव मैदान में उतारा गया है। हालांकि, पहली सूची में पंजाब सरकार के 13 कैबिनेट मंत्रियों के नाम शामिल नहीं हैं। इसके बाद राजनीतिक हलकों में इन मंत्रियों की उम्मीदवारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
हरपाल चीमा से अमन अरोड़ा तक कई बड़े नाम गायब
AAP की पहली उम्मीदवार सूची में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम शामिल नहीं है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, डॉ. बलजीत कौर और डॉ. बलबीर सिंह को भी पहली सूची में टिकट नहीं दिया गया है।इनके अलावा लालचंद कटारूचक्क, हरजोत सिंह बैंस, हरभजन सिंह ईटीओ, गुरमीत सिंह खुड्डियां और डॉ. रवजोत सिंह के नाम भी सूची से गायब हैं।
इन मंत्रियों के नाम भी पहली सूची में नहीं
पहली सूची में बरिंदर कुमार गोयल, हरदीप सिंह मुंडियां, तरुणप्रीत सिंह सौंद और मोहिंदर भगत को भी जगह नहीं मिली है। इस तरह मुख्यमंत्री भगवंत मान और संजीव अरोड़ा को छोड़कर मौजूदा कैबिनेट के अन्य 13 मंत्रियों के नाम पहली सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।
दूसरी सूची पर टिकी रहेंगी नजरें
AAP ने पहली सूची में 40 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान किया है। हालांकि, जिन मंत्रियों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं, उनकी उम्मीदवारी पर अंतिम फैसला होना बाकी है।









