दलेर मेहंदी से उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने मांगी माफी, मीका सिंह की टीम ने किया स्वागत

Uttarakhand minister Subodh Uniyal apologized to Daler Mehndi; Mika Singh's team welcomed the gesture.

उत्तराखंड में मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान हुए विवाद में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने माफी मांग ली है। मंत्री ने फोन पर दलेर मेहंदी से बातचीत कर घटना पर अफसोस जताया। वहीं, गायक मीका सिंह की टीम ने मंत्री के इस कदम का स्वागत किया है।

मीका सिंह की टीम की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि दलेर मेहंदी संगीत जगत के वरिष्ठ कलाकार हैं और उन्होंने इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हर कलाकार के साथ सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए। टीम ने कहा कि अब इस विवाद को पीछे छोड़कर आपसी समझ और सम्मान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

18 अक्टूबर को परफॉर्मेंस के दौरान हुआ था विवाद

यह विवाद 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान हुआ था। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के बीच उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गायक पर नाराजगी जताते हुए उनके गाने और परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए थे। मंत्री की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी के समर्थन में आवाज उठाई।

CM धामी ने भी की थी पहल

विवाद बढ़ने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पहल करते हुए दलेर मेहंदी और मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। मीका सिंह ने एक बातचीत में बताया था कि मुख्यमंत्री ने बेहद विनम्रता से बात की और मंत्री की ओर से भी अफसोस जताया। मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का न्योता भी दिया।

खराब तबीयत के बावजूद किया था शो

मीका सिंह ने बताया था कि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया। उन्होंने यह भी कहा था कि कलाकारों के सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। विवाद के बाद शिल्पा शेट्टी, राजपाल यादव, अनुपम खेर, बादशाह, शान और कपिल शर्मा समेत कई कलाकारों ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी।

मीका सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल और सम्मानजनक बातचीत के बाद उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते थे। अब मंत्री की ओर से फोन पर माफी मांगे जाने के बाद मीका सिंह की टीम ने भी मामले को आपसी समझ और सम्मान के साथ समाप्त करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *