कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आपस में टकरा गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार के चलते हुआ। इस घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि राहुल गांधी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 89.5 माइलस्टोन के पास हुआ। टक्कर के कारण काफिले की एक गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए काफिला रुका, लेकिन इसके बाद राहुल गांधी अन्य गाड़ियों के साथ सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।
मानहानि मामले में MP-MLA कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में पेश होने जा रहे हैं। अदालत में इस मामले पर फैसला सुनाए जाने की संभावना जताई गई है। कोर्ट ने राहुल गांधी को पेश होने के निर्देश दिए थे।
राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह मीडिया से बातचीत किए बिना सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। उनकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
2018 में दर्ज हुआ था मानहानि का मामला
यह मामला भाजपा नेता विजय मिश्रा की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने अगस्त 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, राहुल गांधी ने 8 मई 2018 को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी, जिसे शिकायतकर्ता ने मानहानिकारक बताया था।
राहुल गांधी के वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने कहा कि मामला फैसले के लिए अदालत में लगा है और उन्हें उम्मीद है कि राहुल गांधी को न्याय मिलेगा तथा वह बाइज्जत बरी होंगे।









