ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाला उनका शो तय कार्यक्रम के अनुसार होगा। परमिशन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दिलजीत ने खुद सामने आकर कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरों को खारिज कर दिया।
शुक्रवार रात इंस्टाग्राम पर लाइव आए दिलजीत ने बिना पुख्ता जानकारी के अफवाहें फैलाने वालों और इस मुद्दे पर बहस करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि किसी भी खबर पर चर्चा करने से पहले उसकी सच्चाई पता कर लेनी चाहिए।
‘रील्स और ट्वीट्स बन गए? पहले न्यूज तो पता कर लिया करो’
इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत दोसांझ ने कहा कि दिन बहुत अच्छा है और माहौल भी शानदार है। इसके बाद उन्होंने उन लोगों पर तंज कसा, जो कॉन्सर्ट को लेकर बिना पूरी जानकारी के रील्स और ट्वीट्स बना रहे थे। पहले खबर की पुष्टि कर लेनी चाहिए। बिना सच्चाई जाने बहस करना और हवा में बातें करना सही नहीं है। उन्होंने मीडिया में हो रही चर्चाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि कुछ लोग वास्तविकता जाने बिना ही बहस करने लगते हैं।
‘मैं आ गया हूं, 30 को दिल्ली में मिलते हैं’
कॉन्सर्ट रद्द होने की अफवाहों को खारिज करते हुए दिलजीत ने अपने प्रशंसकों को साफ संदेश दिया कि उनका शो तय तारीख पर ही होगा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं आ गया हूं और 30 को दिल्ली में मिलते हैं।” लाइव के अंत में दिलजीत ने अपने फैंस के प्रति प्यार जाहिर करते हुए ‘आई लव यू’ कहा। उनके इस बयान से कॉन्सर्ट का इंतजार कर रहे प्रशंसकों को राहत मिली है।
परमिशन को लेकर क्यों खड़ा हुआ था विवाद?
दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर अनुमति का मुद्दा चर्चा में आया था। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 22 अक्टूबर को सुरक्षा संबंधी इनपुट, त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी चिंताओं के कारण अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद आयोजकों ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और अतिरिक्त सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर अपनी योजना पेश की। इसके बाद कॉन्सर्ट के लिए अनुमति मिल गई।








