ख़बरिस्तान नेटवर्क : मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में शुक्रवार एक्शन कमेटी और SIT टीम के बीच मीटिंग हुई। इस मीटिंग में SIT ने परिवार और एक्शन कमेटी की 14 में से 12 मांगों को मानने के लिए तैयार हो गई। SIT की ओर से एक्शन कमेटी को इन मांगों के संबंध में लिखित पत्र भी सौंपा गया है।
CM और DGP के इस्तीफे की मांग पर फंसा पेंच
SIT ने परिवार और एक्शन कमेटी की लगभग सभी मांगों को मान लिया है। पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव के इस्तीफे की मांग को मानने से इनकार कर दिया है। SIT की तरफ से मांगों पर पत्र मिलने पर अब एक्शन कमेटी ने मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में पोस्टमार्टम और शव को चंडीगढ़ भेजने के लिए फैसला लिया जा सकता है।
5 दिन की रिमांड पर आरोपी अश्विनी कुमार
वहीं परविंदर झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को मोहाली की CBI कोर्ट में पेश किया गया। यहां उसे 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान CBI की टीम अश्विनी कुमार से इस मामले में गहनता से पूछताछ करेगी।
फार्मेसी काउंसिल ने आरोपी का रजिस्ट्रेशन रद्द किया
पंजाब फार्मेसी काउंसिल की कार्यकारी कमेटी ने 20 अक्टूबर को हुई बैठक में अश्विनी कुमार का फार्मासिस्ट रजिस्ट्रेशन रद्द करने का फैसला लिया। इसके बाद 22 अक्टूबर को रजिस्ट्रार ने इस संबंध में पत्र जारी किया। आदेश के तहत अश्विनी का नाम पंजीकृत फार्मासिस्टों के आधिकारिक रजिस्टर से हटा दिया गया है।









