उत्तर प्रदेश के रायबरेली में बछरावां क्षेत्र के पास टोल प्लाजा पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदी पिकअप तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में लदे सिलेंडर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पिकअप चालक और परिचालक की मौत हो गई। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
लखनऊ से प्रयागराज जा रही थी पिकअप
पुलिस के मुताबिक, ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदी पिकअप लखनऊ से प्रयागराज की ओर जा रही थी। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सिलेंडर सड़क पर चारों तरफ बिखर गए।
टक्कर के बाद चालक और परिचालक वाहन के केबिन में फंस गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
धुएं से छा गया अंधेरा, 10 मिनट तक नहीं दिखा कुछ
टोल मैनेजर राकेश कुमार के अनुसार, हादसे के दौरान पिकअप में लदे तीन सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिसके बाद ऑक्सीजन धुएं जैसी फैल गई। उन्होंने बताया कि करीब 10 मिनट तक दृश्यता बेहद कम रही और कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। राहत की बात यह रही कि टोल गेट नंबर एक पर उस समय आगे या पीछे कोई अन्य वाहन मौजूद नहीं था।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
हादसे के कारण हाईवे के दोनों ओर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर आवागमन बहाल कराया। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसा लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र में हुआ है। निगोहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।









