लुधियाना से दुखद खबर सामने आई है। वार्ड नंबर-47 से आम आदमी पार्टी की पार्षद उषा रानी कल्याण का शनिवार को कैंसर के चलते निधन हो गया। उन्होंने डीएमसी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से इलाके और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, उषा रानी कल्याण के तीन बेटे हैं। परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल था, क्योंकि उनके एक बेटे की शादी नवंबर में तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां को खोने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रहती थीं
पार्षद उषा रानी कल्याण के निधन पर आम आदमी पार्टी के नेताओं, स्थानीय निवासियों और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इलाके के लोगों के मुताबिक, वह मिलनसार स्वभाव की थीं और जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहती थीं। उनके निधन को इलाके के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है।









