ख़बरिस्तान नेटवर्क : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के खिलाफ कड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सिंधु नदी प्रणाली के पानी को रोकने, बाधित करने या मोड़ने की किसी भी कोशिश को पाकिस्तान ‘युद्ध की कार्रवाई’ मानेगा। इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर का मुद्दा भी उठाया और इसे पाकिस्तान के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
UN में कश्मीर और सिंधु जल का मुद्दा उठाया
शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दक्षिण एशिया में दोबारा ऐसे हालात नहीं बनने चाहिए। उन्होंने कश्मीर मुद्दे के समाधान को क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए जरूरी बताया। शहबाज ने मई 2025 में पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े सैन्य तनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने पाकिस्तान की सेना की कार्रवाई को ‘सटीक जवाब’ बताते हुए सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसीम मुनीर के नेतृत्व की तारीफ की।
भारत ने UN में दिया जवाब, जम्मू-कश्मीर को बताया अभिन्न हिस्सा
शहबाज शरीफ के भाषण के बाद भारत ने भी संयुक्त राष्ट्र में जवाब दिया। भारत की UN मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है। भारत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर का मुद्दा भी उठाया। गहलोत ने वहां कथित हत्याओं, हिंसा और बुनियादी अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने पाकिस्तान पर सीमा पार आतंकवाद को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि ऐसे कृत्यों के परिणाम होंगे।









