ख़बरिस्तान नेटवर्क : भारत में आयोजित होने वाली आगामी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने अपने मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग रखी थी। पाकिस्तान ने इसके पीछे सुरक्षा व्यवस्था और दोनों देशों के बीच जारी मौजूदा राजनीतिक तनाव का हवाला दिया था। हालांकि हॉकी इंडिया ने इस मांग को पूरी तरह से खारिज करते हुए अपना रुख साफ कर दिया है।
आना है तो भारत आना ही होगा: हॉकी इंडिया का कड़ा संदेश
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि यदि पाकिस्तान को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेना है, तो उसकी टीम को भारत का दौरा करना ही होगा। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान के हटने की स्थिति में टूर्नामेंट का शेड्यूल प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और उसकी जगह बांग्लादेश या ओमान में से किसी एक टीम को शामिल किया जा सकता है।
पंजाब के जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे सभी मुकाबले
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच पंजाब में तय किया गया है। इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत और पाकिस्तान के अलावा मलेशिया, चीन, जापान और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के लीग चरण के सभी मैच जालंधर में खेले जाएंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले मोहाली के स्टेडियम में आयोजित होंगे।









