ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डीसी ऑफिस के बाहर संगरूर में 50 साल के गुलजार सिंह के परिवार को इंसाफ दिलान के लिए प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकारी दफ्तर के कर्मियों ने गेट बंद कर दिए और भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गेट फांदकर अंदर जाने की कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिस ने उन्हें कामयाब नहीं होने दिया।
डीसी ऑफिस के गेट पर चढ़कर कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
गेट पर कार्यकर्ताओं के चढ़ने की तस्वीरें भी सामने आई है। इस दौरान कार्यकर्ता गेट पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। वहीं गेट के दूसरी ओर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। हालांकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे जाने की इजाजत नहीं दी गई। जिसके बाद शांतिमय ढंग से कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए प्रदर्शन किया।
केजरीवाल ने यूथ को सवाल करने का नारा दिया था- बावा हैनरी
विधायक बावा हैनरी ने कहा कि केजरीवाल और अन्ना हजारे जब आंदोलन से निकले थे तो उन्होंने यूथ को सवाल करने का नारा दिया था। ऐसे में केजरीवाल की आप पार्टी की सरकार पंजाब में बनी हुई है और उनकी सरकार के दौरान व्यक्ति नशे को लेकर वित्त मंत्री से सवाल करता है। जिसके बाद व्यक्ति के साथ सरपंच, पंच और अन्य व्यक्तियों ने गलत व्यवहार किया।
गुलजार के परिवार को दबाया जा रहा – बावा हैनरी
विधायक का कहना है कि उक्त परिवार को दबाया जा रहा है। जिसको लेकर कांग्रेस परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए पंजाब भर में प्रदर्शन कर रही है। भले ही पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने वित्त मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है। जिसके विरोध में आज कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की जा रही है।
जानें क्या है पूरा मामला
दरअसल, कुछ दिन पहले संगरूर के दिड़बा में वित्तमंत्री हरपाल चीमा के सामने 50 साल के गुलजार सिंह ने तुर बंजारा गांव में नशे का मुद्दा उठाया था। इस मामले के बाद पुलिस गुलजार के घर पहुंच गई और गुलजार ने सल्फाज खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
हालांकि तुर बंजारा गांव में ड्रग्स को लेकर उठे विवाद के बाद दिड़बा थाना पुलिस ने सरपंच समेत 5 लोगों के खिलाफ दर्ज करके सभी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने, कथित उत्पीड़न और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है।









