जालंधर में बुधवार देर रात केसर पेट्रोल पंप के बाहर भाटिया इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक की कार से 10 लाख रुपये कैश से भरा बैग चोरी हो गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक नाबालिग बैग लेकर जाता दिखाई दे रहा है।
टायर में 3 जगह मारे गए थे सुए
बताया जा रहा है कि दुकान से निकलने के बाद कार के टायर में तीन जगह सूए मारे गए थे। ट्यूबलेस टायर होने के कारण गाड़ी करीब 2 किलोमीटर तक चलती रही। इसके बाद टायर की हवा कम होने पर व्यापारी केसर पेट्रोल पंप के पास पंचर लगवाने रुके।
पंचर लगवाने के दौरान व्यापारी कार के पास ही मौजूद थे, लेकिन कुछ ही मिनटों में कार से कैश वाला बैग गायब हो गया। परिवार का आरोप है कि यह वारदात पहले से प्लान की गई लगती है और आरोपियों ने दुकान से निकलने के बाद उनकी रेकी की होगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी और मैनुअल तरीके से जांच कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन में नकदी या कीमती सामान बिना निगरानी के न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।









