पंजाब में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। कई इलाकों में बारिश के कारण हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। श्री चमकौर साहिब के गांव जटाणा के पास नहर में बड़ी दरार पड़ने से आसपास के इलाकों में पानी भर गया।वही जालंधर और पठानकोट में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई है।
पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं।वहीं चंडीगढ़ में यलो अलर्ट जारी किया गया है। शहर में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पास बने कम दबाव वाले क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। आने वाले दिनों में भी कुछ इलाकों में बारिश के साथ बिजली गरजने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अब मानसून कमजोर पड़ सकता है और बारिश पूरे पंजाब में नहीं, बल्कि कुछ-कुछ इलाकों तक सीमित रहने के आसार हैं।
मंगलवार को रूपनगर में 19 एमएम और पठानकोट में 1.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। राज्य के अधिकतम तापमान में भी 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई है, हालांकि तापमान अभी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक बना हुआ है।फिलहाल, बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।









