जालंधर पुलिस थाने में जन्मदिन सेलिब्रेशन का वीडियो वायरल, वर्दी में केक काटते दिखे पुलिसकर्मी

Video of birthday celebration at Jalandhar police station goes viral

जालंधर में पुलिस थानों और चौकियों में सोशल मीडिया रील बनाने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। अब रामा मंडी थाने के मुंशी कमलदीप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने साथियों के साथ थाने में जन्मदिन सेलिब्रेट करते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में पुलिस थाने में कार की डिक्की खोलकर गाने बजाए जा रहे हैं। इसके बाद वर्दी पहने पुलिसकर्मियों के चेहरे पर केक लगाकर जन्मदिन मनाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया रील बनाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

इससे पहले थाना नंबर-5 के इंस्पेक्टर राणा यादविंदर का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। कांग्रेस नेता अंगद दत्ता ने इस मामले को लेकर पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इंस्पेक्टर राणा यादविंदर ने पुलिस की आधिकारिक वर्दी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मनोरंजन और गानों से जुड़े वीडियो व रील्स अपलोड किए। शिकायत में इसे पुलिस विभाग की ओर से वर्दी में डांस और मनोरंजन वाली रील बनाने को लेकर जारी निर्देशों का उल्लंघन बताया गया था।

वर्दी में रील बनाने पर रोक के बावजूद बढ़ रहा क्रेज

पुलिसकर्मियों के वर्दी में सोशल मीडिया वीडियो बनाने को लेकर अधिकारियों की ओर से रोक के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके बावजूद जालंधर में पुलिसकर्मियों के रील और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले सामने आ रहे हैं।अब रामा मंडी थाने का यह वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर पुलिस विभाग के सोशल मीडिया इस्तेमाल और वर्दी में वीडियो बनाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *