ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में अमृतसर में रखड़ पुनियां के कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की स्टेज पर पार्टी के अंदर चल रही खींचतान साफ नजर आई थी। कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग गुट की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
राहुल गांधी के दौरे पर कुछ भी तय नहीं
अब पंजाब में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल उठने लगे हैं। जालंधर में पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी से जब राहुल गांधी के दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं के एक मंच पर आने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल इस संबंध में कुछ भी तय नहीं किया जा सकता। उनके इस बयान के बाद माना जा रहा है कि राहुल गांधी के पंजाब दौरे के दौरान भी पार्टी के भीतर गुटबाजी देखने को मिल सकती है।
DC ऑफिस में अधिकारियों के साथ चन्नी ने की बैठक
दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी ने आज जालंधर के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान के मंच को धोने और कथित तौर पर उसके शुद्धिकरण को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर भाजपा पर हमला
चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से रामलीला मैदान को धोकर उसका शुद्धिकरण किए जाने की बात कही गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद किसी स्थान को इसलिए शुद्ध करने की जरूरत पड़ती है क्योंकि वहां कोई दलित या वंचित वर्ग का व्यक्ति मौजूद था, तो यह बेहद गंभीर सोच को दर्शाता है। भाजपा को एससी, दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के प्रति अपना नजरिया बदलना चाहिए।
राहुल गांधी पर FIR को लेकर भी साधा निशाना
चन्नी ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं की ओर से डॉक्टर बीआर अंबेडकर को लेकर भी आपत्तिजनक बातें की जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उनके खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई। FIR राहुल गांधी के खिलाफ नहीं, बल्कि उन भाजपा नेताओं के खिलाफ दर्ज होनी चाहिए थी, जिन पर उन्होंने आरोप लगाए। चन्नी ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग भी की।
AI से गलत वीडियो बनाने पर जताई नाराजगी
चन्नी ने कहा कि देश में अलग-अलग समुदायों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन ऐसी घटनाओं से इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने AI के जरिए कथित तौर पर गलत और भ्रामक वीडियो तैयार किए जाने की भी निंदा की और इसे गंभीर मुद्दा बताया।









